|
Wednesday, 27 February 2013 11:38 |
जम्मू। पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रहे एक आतंकवादी के बचाव के लिए आज संघर्षविराम का उल्लंघन किया । हालांकि, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास हुई इस घटना के दौरान भारतीय सुरक्षा बलों की ओर से की गयी जवाबी कार्रवाई में घुसपैठ की कोशिश कर रहा आतंकवादी ढेर हो गया ।
रक्षा मामलों के जनसंपर्क अधिकारी एस एन आचार्य ने बताया, ‘‘दोपहर करीब एक बजकर 45 मिनट पर सीमा पर तैनात सैनिकों ने राजौरी के केरी सेक्टर में संदेहास्पद गतिविधियां देखीं ।’’ आचार्य ने बताया कि
इसके बाद सैनिकों ने तुरंत पूरे इलाके को घेर लिया । उस वक्त आतंकवादी भारतीय चौकी पर अंधाधुंध गोलियां चला रहा था । उन्होंने कहा कि 15 मिनट बाद पाकिस्तानी सेना ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए अग्रिम भारतीय चौकी पर गोलियां चलायी ताकि घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादी का बचाव किया जा सके । आचार्य ने कहा, ‘‘इस पर हमारे सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की । हमारे सैनिकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा । करीब तीन बजे आतंकवादी ने फिर गोली चलायी, लेकिन भारतीय सैनिकों ने उसे मार गिराया ।’’ (भाषा)
|