|
Wednesday, 27 February 2013 09:11 |
|

कोलकाता। सूर्य सेन बाजार परिसर में आग लगने का पता तड़के करीब 3.50 बजे लगा।
कोलकाता के सियालदह इलाके में आज तड़के एक बाजार परिसर में आग लग जाने से 19 लोगों की मौत हो गई तथा 10 अन्य झुलस गए। इस परिसर में एक गोदाम एवं कई कार्यालय भी हैं। बाजार के उपाध्यक्ष सुशांत घोष ने बताया कि पीड़ितों में ज्यादातर कामगार हैं जो घटना के समय सो रहे थे। उन्होंने कहा कि समान के रखे रहने से बाजार का रास्ता संकरा है और इससे लोगों को वहां से बाहर निकलने में परेशानी हुई। अधिकारियों के अनुसार गोदामों में प्लास्टिक, कागज और कपड़े रखे हुए थे। परिसर के भूतल और प्रथम तक को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इन पर करीब 200 दुकानें हैं। आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चला है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बाजार का दौरा किया
और पुलिस, अग्निशमन दल तथा नगर निगम को आदेश दिया है कि वे इस अग्निकांड को लेकर रिपोर्ट सौंपे। मुख्यमंत्री ने मारे गये लोगों के परिवारों को दो दो लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। ममता ने कहा, ‘‘मारे गए व्यक्ति के परिजनों को दो लाख और घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।’’ उन्होंने रात के समय बाजारों में सोने वाले लोगों से आग्रह किया कि वे अधिक सतर्क रहें और एहतियाती कदम उठाएं। अग्निशमन विभाग के मंत्री जावेद खान ने जल रहे गोदाम से छह लोगों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया है और दमकल विभाग के कर्मचारी अंदर फंसे दूसरे लोगों की तलाश कर रहे हैं। घायलों को सरकार संचालित एनआरएस और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त :मुख्यालय : जावेद शमीम ने बताया कि आग लगने की इस घटना में 19 लोग मारे गए हैं। (भाषा)
|
|
Last Updated on Wednesday, 27 February 2013 16:27 |