|
Tuesday, 26 February 2013 09:13 |
अमलेश राजू, नई दिल ्ली। दिल्ली में हाई अलर्ट के बावजूद पुलिस को चकमा देने में असामाजिक तत्त्व कामयाब हो रहे हैं।
सोमवार को दिल्ली कैंट स्थित सेना के बेस अस्पताल के बाहर बम की सूचना और फिर सुल्तानपुरी व ग्रेटर कैलाश इलाके में बैग में बम रखे होने की सूचना ने पुलिस में हड़कंप मचा दिया। जांच के बाद सभी सूचनाएं अफवाह साबित हुईं। लेकिन एक सवाल तो उठ ही रहा है कि हैदराबाद में हुए आतंकवादी हमलों के बाद कहीं दिल्ली तो अगला निशाना नहीं है? दिल्ली दमकल के सूत्रों के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिली कि दिल्ली कैंट स्थित सेना के बेस अस्पताल के बाहर लावारिस बैग पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन जांच एजंसियां और एनएसजी मौके पर पहुंच गईं। सबसे पहले बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्ते की मदद से बैग को जांच के लिए बाहर ले जाया गया। बैग में एक तौलिया और साबुन मिलने से पुलिस ने राहत की सांस ली। बताया गया कि एक कार चालक ने देखा कि बाइक सवार दो युवक बेस अस्पताल के बाहर बैग रखकर जा रहे हैं। कार चालक ने फौरन पुलिस को इसकी सूचना दी। अभी दिल्ली कैंट मामले की पुलिस जांच चल ही रही थी तभी एक और सूचना मिली कि सुल्तानपुरी इलाके में एक लावारिस बैग रखा हुआ है। यह सूचना दमकल विभाग को करीब शाम पांच बजे मिली। आनन-फानन में वहां भी पुलिस और दमकलकर्मियों को मुस्तैद किया गया। जांच में यह
भी अफवाह फैलाने वाली सूचना निकली। यहां बैग में एक स्पीकर था। पुलिस और सुरक्षा एजंसियां इस स्पीकर की जांच कर रही हैं। इसी दौरान बम रखे होने की एक अन्य सूचना ग्रेटर कैलाश से भी मिली। बताया गया कि एम ब्लाक के मार्केट में राजस्थान के नंबर की बाइक के ऊपर लावारिस बैग रखा है। सूचना मिलते ही मौके पर दिल्ली पुलिस और बम निरोधक दस्ता पहुंच गया और पूरे मार्केट की घेराबंदी कर दी। सूत्रों के मुताबिक जांच चल ही रही थी कि बाइक का मालिक मौके पर पहुंच गया। उसने बताया कि वह खरीदारी कर रहा था और गलती से बैग बाइक में ही रह गया। सूत्रों के मुताबिक हैदराबाद में बीते गुरुवार को हुए बम धमाके से पहले सुरक्षा एजंसियों को आतंकवादी धमकियों की सूचना मिली थी। इसे गृह मंत्रालय और हैदराबाद पुलिस ने बाद में पुख्ता कर जांच एजंसियों पर एक तरह से सवालिया निशान भी लगा दिया। हालांकि गृह मंत्रालय का कहना था कि इस तरह की सूचना मिलती रहती है और हम अंदरखाने से इसे पुख्ता कर तैयारी भी करते हैं। पर इस सूचना के बाद शायद चूक हो गई और हैदराबाद की घटना घट गई। सूत्रों की मानें तो आतंकवादियों के निशाने पर दिल्ली हमेशा रही है। राजधानी में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इसी के बीच इस तरह की अफवाह फैलाना या लावारिस हालत में बैग रखने की सूचना किसी आतंकवादी साजिश का हिस्सा हो सकती है। इसी तरह की सूचनाएं दिल्ली में पहले हुए बम धमाकों के समय भी मिली थीं।
|