|
Tuesday, 26 February 2013 09:07 |
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने 3600 करोड़ के वीवीआईपी हेलिकॉप्टर सौदे में रिश्वतखोरी के आरोपों की शुरुआती जांच में सोमवार को पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी का नाम भी शामिल कर लिया।
इस प्रकार, त्यागी किसी सेना के ऐसे दूसरे पूर्व प्रमुख हो गए, जिनका नाम किसी घोटाले की जांच में शामिल किया गया है। सीबीआई सूत्रों ने यहां कहा कि इस जांच में त्यागी के अलावा उनके तीन रिश्तेदारों जूली, डोकसा और संदीप त्यागी सहित 10 अन्य लोगों और चार कंपनियों के नामों को शामिल किया गया है। यह दूसरा मौका है जब किसी सेना के पूर्व प्रमुख का नाम सीबीआई की जांच में शामिल किया गया है। इससे पहले 2000 में बराक मिसाइलों की खरीद में कथित रिश्वतखोरी की जांच में सीबीआइ ने पूर्व एडमिरल सुशील कुमार का नाम शामिल किया था। सूत्रों ने कहा कि जांच में संदिग्ध यूरोपीय बिचौलियों कार्लो गारोसा, क्रिस्टियन मिशेल और गुइदो हाशके, एरोमेट्रिक से जुड़े रहे अधिवक्ता गौतम खेतान, इस कंपनी के सीईओ प्रवीण बख्शी, फिनमेखेनिका के पूर्व प्रमुख जी ओरसी, अगस्ता वेस्टलैंड के पूर्व सीईओ ब्रूनो स्पेगनोलिनी का नाम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में इतालवी कंपनियों फिनमेकेनिका और अगस्ता वेस्टलैंड, आईडीएस इंफोटेक और ऐरोमेट्रिक का
नाम भी शामिल है। अगस्ता वेस्टलैंड सौदे के तहत 12 एडब्लू101 वीवीआईपी हेलिकॉप्टर की खरीद में रिश्वतखोरी की जांच को लेकर शुरुआती जांच में सीबीआइ इन आरोपों की जांच करेगी कि कुछ ‘बिचौलियों ने इतालवी कंपनी के पक्ष में’ सौदे को प्रभावित किया। जांचकर्ताओं के मुताबिक कंपनी फिनमेकेनिका ने बिचौलियों को करीब 50 करोड़ रुपए दिए थे। इसमें से बड़ी रकम ट्यूनीशिया और मारीशस के रास्ते सात भारतीयों के पास पहुंची। इसमें कहा गया कि यह धन दो भारतीय कंपनियों आईडीएस इंफोटेक और ऐरोमेट्रिक्स से इंजीनियरिंग अनुबंधों के नाम पर भेजी गई। उन्होंने कहा कि जांच के सिलसिले में जरूरी दस्तावेज हासिल करने इटली गए सीबीआइ अफसरों को फिनमेकेनिका और जन अभियोजक से हेलिकॉप्टर सौदे में 362 करोड़ रुपए की कथित रिश्वतखोरी के संबंध में बहुत से ऐसे दस्तावेज मिले हैं जो जांच शुरू करने के लिए पर्याप्त हैं। सीबीआइ की शुरुआती जांच में शामिल सभी संदिग्धों ने रिश्वतखोरी के आरोपों को खारिज किया है। सूत्रों ने कहा कि इस मामले के संबंध में उन्हें पूछताछ के लिए बुलाए जाने की संभावना है। इतावली एजंसियों ने अगस्ता वेस्टलैंड की मूल कंपनी फिनमेकेनिका के पूर्व अध्यक्ष ओरसी को 15 फरवरी को हेलिकॉप्टर सौदा हथियाने के लिए रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। (भाषा)।
|