|
Monday, 25 February 2013 19:01 |
नयी दिल्ली। हैदराबाद विस्फोटों से जुडी गुत्थियों को सुलझाने और ठोस सुराग हासिल करने में लगी पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों ने इस सिलसिले में लगभग 40 लोगों से पूछताछ की है।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश पुलिस, राष्ट्रीय जांच एजेंसी : एनआईए : और अन्य केन्द्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने पिछले सप्ताह गुरूवार को हैदराबाद में हुए दो बम विस्फोटों के सिलसिले में 30 से 40 लोगों से पूछताछ की है । इन विस्फोटों में 16 लोग मारे गये थे और सौ से अधिक घायल हो गये थे । जांचकर्ता इन खबरों की पुष्टि भी कर रहे हैं कि दिलसुखनगर की एक लाज में कमरा लेने वाले : चेक इन करने वाले : पांच लोग विस्फोटों के तुरंत पहले या तत्काल बाद होटल छोडकर चले गये थे । सूत्रों ने कहा कि पांच में से दो व्यक्तियों ने खुद को निर्दोष बताया है । एक व्यक्ति फर्जी नाम से होटल में गया था । विस्फोटों से कुछ मिनट पहले वह होटल से चला गया : चेक आउट कर गया : । इसके बाद ही पुलिस ने उसे संदिग्ध माना । पूछताछ के दौरान इस व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह एक दोस्त के साथ होटल में ठहरा था और वह अपनी पहचान गोपनीय रखना
चाहता था । पुष्टि करने पर पुलिस ने पाया कि उसका बयान सही है और फिर इस व्यक्ति और उसके दोस्त को जाने दिया गया । सूत्रों ने बताया कि तीन अन्य व्यक्तियों से पूछताछ अभी भी चल रही है । ये तीनों भी विस्फोट के समय के आसपास ही होटल छोडकर चले गये थे । इस बीच केन््रदीय गृह राज्य मंत्री आर पी एन सिंह ने कहा है कि घटनास्थलों से जो भी सबूत मिले हैं, उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है । ‘‘ एजेंसियों ने जो भी सबूत जुटाये हैं, उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है । सुराग मिले हैं और हम उन सुरागों के आधार पर काम कर रहे हैं । ’’ उन्होंने कहा कि जांच चूंकि अभी चल रही है इसलिए कोई ब्यौरा बताया नहीं जा सकता । ‘‘ लेकिन इस बर्बर हरकत की साजिश रचने वालों को पकडा जाएगा और उन्हें कडी से कडी सजा दी जाएगी । ’’ सूत्रों ने कहा कि विस्फोट की जगह से मिला वीडियो फुटेज दर्शाता है कि तीन लोग दोनों ही विस्फोटों से कुछ मिनट पहले विस्फोटकों से बंधी साइकिलों के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं । फुटेज को और अधिक स्पष्ट देखा जा सके, इसके लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है ।
|