|
Monday, 25 February 2013 17:30 |
मंदसौ र। केन्द्रीय उर्जा राज्यमंत्री :स्वतंत्र प्रभार: ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि मध्यप्रदेश में जब-जब कांग्रेस कमजोर हुई है, तब-तब अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ों और दलितों सहित गरीबों पर अत्याचार बढ़े हैं।
सिंधिया ने आज यहां राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के लोकार्पण के बाद आयोजित एक आमसभा में कहा, ‘‘प्रदेश में जब-जब कांग्रेस कमजोर हुई है, तब-तब अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ों और दलितों सहित गरीबों पर अत्याचार बढ़े हैं’’। उन्होने कहा कि प्रदेश में शहरी क्षेत्रों को तो राज्य सरकार चौबीस घंटे बिजली दे रही है, किसानों को आज चार घंटे से अधिक बिजली नहीं मिलती, लेकिन उसके बिल दोगुना जरूर मिलते हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम आदमी इससे त्रस्त है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों में यह अव्वल नंबर पर है। सिंधिया ने कहा कि संबंध और रिश्ते बनाने में पीढ़ियां लग जाती हैं और मंदसौर के साथ तो उनका खून का रिश्ता है। इसलिए वह यहां जनता के साथ कोई राजनीति करने नहीं आए हैं। उन्होने कहा कि इसी तरह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया
गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सोच भी राजनीति की नहीं है। इस देश को राजनीतिज्ञों की नहीं जनसेवकों की जरूरत है। उन्होने कहा कि मंदसौर जिले के लिए वह 53 करोड़ रूपये की राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना शुरू करने जा रहे हैं, जिससे जिले में गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को बिजली कनेक्शन का लाभ मिलेगा और मंदसौर शहर के लिए आठ करोड़ रूपये की बिजली योजना लेकर आए हैं। उन्हें भय है कि अन्य केन््रदीय योजनाओं की तरह यह योजना भी भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ जाए। आमसभा के बाद संवाददाताओं के सवालों के जवाब में केन््रदीय मंत्री ने कहा कि इस साल नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पास सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ मुद्दों की कोई कमी नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद कांतिलाल भूरिया की कार्यशैली से क्या वह संतुष्ट हैं, इस सवाल पर उन्होने कहा, ‘‘मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं’’। भावी मुख्यमंत्री के बतौर उनके नाम की चर्चाओं को लेकर पूछने पर उन्होने कहा कि वह तो कांग्रेस के मात्र कार्यकर्ता हैं।(भाषा)
|