|
Monday, 25 February 2013 17:23 |
फ्रेजरगंज (पं. बंगाल)। केन्द्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने तृणमूल कांग्रेस शासित पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कोई टिप्पणी करने से इस आधार पर इनकार कर दिया कि यह राज्य का विषय है।
कोलकाता से 110 किलोमीटर दूर दक्षिण 24 परगना जिले में यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद शिंदे ने कहा, ‘‘मैं इसपर टिप्पणी नहीं करना चाहता। कानून-व्यवस्था राज्य का विषय है और राज्य सरकार इसपर गौर कर रही है।’’ पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस समिति अध्यक्ष प्रदीप भट्टाचार्य ने कहा है कि वह राज्य में कानून-व्यवस्था में कथित गिरावट से शिंदे को अवगत कराएंगे। शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार के आग्रह के अनुरूप जंगलमहल में तैनात किए गए केन्द्रीय बल हटा लिए जाएंगे और दार्जिलिंग भेजे जाएंगे। केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार चाहती है कि केन्द्रीय बल जंगलमहल से
हटा लिए जाएं जो अब शांत हैं और दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र में वहां तनाव खत्म करने के लिए भेजे जाएं।’’ एक अन्य सवाल के जवाब में शिंदे ने कहा कि केन्द्र राज्य में आगत पंचायत चुनाव के दौरान राज्य सरकार के सुझाव के अनुरूप केन्द्रीय बल भेजेगा। शिंदे ने ममता के साथ एक घंटे की मुलाकात की जिसके दौरान तटीय सुरक्षा बुनियादी ढांचा सुधारने, तस्करी, समुद्री डकैती रोकने के उपायों के साथ ही अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान तटीय सुरक्षा सुदृढ़ करनके उपायों पर चर्चा की गई। इस क्रम में मौजूदा छह तटीय पुलिस थानों की तादाद में इजाफा के साथ ही तटीय पुलिस बल सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। सीमा पर से समुद्री डाकुओं के हमलों से मछुआरों की ज्यादा सुरक्षा सुनिश्चित करने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। भाषा
|