|
Sunday, 24 February 2013 14:49 |
नयी दिल्ली (भाषा)। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में हुए विधानसभा चुनाव और सात राज्यों की नौ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के मतों की गणना आगामी 28 फरवरी को की जायेगी।
त्रिपुरा में गत 14 फरवरी को और मेघालय एवं नगालैंड में कल 23 फरवरी को मतदान संपन्न हुआ। इसके अलावा मिजोरम, पंजाब और उत्तर प्रदेश की एक एक सीट पर और पश्चिम बंगाल की तीन सीटों के उपचुनावों के लिये भी कल मतदान हुआ। असम, बिहार और महाराष्ट्र की एक एक सीट के उपचुनाव के लिये आज 24 फरवरी को मतदान हो रहा है। सभी जगह इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों के जरिये मतदान हुआ। इन राज्यों में शंंतिपूर्ण ढंग से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सामान्य पर्यवेक्षक और व्यय पर्यवेक्षक तैनात किये गये थे। चुनाव संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस बलों को भी तैनात किया गया था। मेघालय विधानसभा का कार्यकाल 10 मार्च को समाप्त हो रहा है, जबकि नगालैंड विधानसभा का कार्यकाल 18 मार्च और त्रिपुरा विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च को समाप्त होगा । इन तीनों राज्यों ही में विधानसभा की साठ साठ सीटें हैं । सात राज्यों की जिन नौ विधानसभा सीटों के लिये उपचुनाव हुए हैं, उनके नाम Þ Þमिजोरम में चालफिल्ह, पंजाब में मोगा, उत्तर प्रदेश में भाटपर और पश्चिम बंगाल में विधानसभा की नलहटी वीरभूम, इंगलिश बाजार और रेजीनगर सीट जबकि असम में अलगापुर, बिहार में कल्याणपुर :सुरक्षित: और महाराष्ट्र में चांदगढ सीट है । त्रिपुरा में देश में सर्वाधिक रिकार्ड 93 फीसदी मतदान हुआ था। यहां सत्तारूढ वाम मोर्चा के सबसे बड़े घटक माकपा ने 55 सीटों पर, आरएसपी ने दो, भाकपा ने दो और फॉरवर्ड ब्लॉक ने एक सीट पर प्रत्याशी खडे किये हैं। कांग्रेस 48 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उसके गठबंधन सहयोगी आईएनपीटी ने 11 सीटों पर और नेशनल कॉन्फ्रेन्स आॅफ त्रिपुरा ने एक सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं। जिन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है, उनमें मुख्यमंत्री माणिक सरकार, वित्त मंत्री बादल चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री अनिल सरकार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुदीप राय बर्मन, पूर्व मुख्यमंत्री समीर रंजन बर्मन और इंडिनिजिनस नेशनलिस्ट पार्टी आॅफ त्रिपुरा के अध्यक्ष बिजल राखांवल आदि शामिल हैं। राज्य विधानसभा की 60 सीटों में से 20 सीटें अनुसूचित जनजाति और 10 सीटें अनुसूचित
जाति के लिए आरक्षित हैं । राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 22 लाख 77 हजार 415 है । उग्रवादियों द्वारा सात जिलों में बंद के आह्वान के बावजूद मेघालय के 15 लाख से अधिक मतदाताओं ने 88 प्रतिशत मतदान किया था। सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने सभी 60 सीटों पर अपने प्रत्याशी खडे किये हैं जबकि यूडीपी ने 50 सीटों और पीए संगमा के नेतृत्व वाली नेशनल पीपल्स पार्टी ने 32 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। मेघालय विधानसभा की साठ सीटों में से 55 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं । राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 14 लाख 81 हजार 473 है । राज्य में सौ फीसदी मतदाताओं के पास मतदाता फोटो पहचान पत्र है । नगालैंड विधानसभा की 59 सीटों के लिये लगभग 83 प्रतिशत मतदान हुआ है। तुइसांग सदर सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार पी चुबा चांग का कल निधन हो जाने के बाद मतदान स्थगित कर दिया गया था। राज्य में 59 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं । यहां मतदाताओं की कुल संख्या 11 लाख 81 हजार 731 है । राज्य में तकरीबन 96 फीसदी मतदाताओं के पास मतदाता फोटो पहचान पत्र हैं । प्रमुख उम्मीदवारों में उत्तरी अंगामी द्वितीय से मुख्यमंत्री नेफियू रियो, पश्चिमी अंगामी से विधानसभा अध्यक्ष कियानिली पेसेयिए, दीमापुर तृतीय से नेता विपक्ष तोकोहेहो येप्थोमी, दीमापुर द्वितीय से एसआई जमीर और कोरिडांग से पूर्व गृहमंत्री इमकोंग एल इमचेन शामिल हैं । उत्तर प्रदेश के भाटपार रानी विधानसभा उपचुनाव समाजवादी पार्टी के विधायक एवं पूर्व मंत्री कामेश्वर उपाध्याय के निधन के कारण जबकि मिजोरम मेें चलफिल विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस विधायक चवनगतिनथंगा के निधन के कारण करवाया गया है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर और मालदा जिले के इंग्लिशबाजार में उपचुनाव की जरूरत वर्तमान विधायकों क्रमश: हुमायूं कबीर और कृष्णेंदु नारायण चौधरी द्वारा कांग्रेस से दलबदल कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने से पड़ी। वहीं राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के बेटे अभिजीत मुखर्जी के जंगीपुर संसदीय क्षेत्र से चुने जाने पर बीरभूम जिले की नलहटी विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ है। पंजाब के मोगा में कांग्रेसी विधायक जोगिंदर पाल जैन के पार्टी छोड़कर सत्ताधारी शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन में शामिल हो जाने की वजह से उपचुनाव कराना पड़ा। यहां मुख्य मुकाबला अकाली दल के प्रत्याशी जोगिंदर पाल जैन और कांग्रेसी प्रत्याशी विजय कुमार साथी के बीच था।
|