|
Sunday, 24 February 2013 12:55 |
जयपुर (भाषा)। विस्फोटों में शामिल आतंकवादी संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अजमेर दरगाह के प्रमुख ने आज कहा कि देश के व्यापक हित में आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाये जाने चाहिए।
ख्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह के दीवान जैनुल आबेदीन अली खान ने पीटीआई से कहा, ‘‘देश में आतंक और डर फैला रहे संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। सरकार ने दिल्ली गैंगरेप के मद्देनजर महिलाओं की सुरक्षा के लिए कदम उठाये और अब आतंकवाद के खिलाफ दृढ़निश्चय दिखाने का समय है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कानून
में संशोधन होना चाहिए और प्रत्येक राज्य में इस तरह के मामलों में मुकदमे के लिए विशेष अदालत होनी चाहिए। जेलों में अदालत बनायी जानी चाहिए ताकि विस्फोटों के आरोपियों को किसी भी तरह खुले में आने का मौका नहीं मिले।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हाल ही में हैदराबाद में हुए श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट बहुत ही निंदनीय हैं। इस्लाम आतंकवाद के खिलाफ है। जब कोई जीवन दे नहीं सकता तो उसे लेने का भी अधिकार नहीं है। विस्फोट में निर्दोष लोग मारे गये और इस कायराना करतूत में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाना चाहिए।’’
|