|
Friday, 22 February 2013 09:58 |
नयी दिल्ली। हैदराबाद धमाकों से दो दिन पहले ही केंद्र ने सभी राज्यों को अलर्ट कर दिया था कि पाकिस्तान के कुछ आतंकवादी संगठन अजमल कसाब और अफजल गुरु की फांसी का बदला लेने के लिये धमाके कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने मंगलवार को सभी राज्यों को परामर्श जारी किया था कि वह संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा कड़ी करें क्योंकि लश्कर ए तैयबा, जैश ए मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिद्दीन जैसे संगठन आतंकी हमले कर सकते
हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने कल एक और परामर्श जारी किया था और कहा था कि इंडियन मुजाहिद्दीन भी अफजल और कसाब की फांसी का बदला लेने के लिये आतंकी हमले को अंजाम दे सकता है। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने ज्यादा जानकारी न देते हुये आज कहा कि सभी राज्यों को संभावित आतंकी हमले के बारे में जानकारी दे दी गयी थी। वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि यह सामान्य अलर्ट थे और अक्सर आते रहते हैं।
|