|
Thursday, 21 February 2013 19:43 |
हैदराबाद । हैदराबाद के दिलशुकनगर में एक भीड़ भरे व्यावसायिक केन्द्र में तीन शक्तिशाली बम फटने से 10 व्यक्तियों की मौत और 32 घायल हुए।
हैदराबाद के दिलशुकनगर में एक भीड़भरे बस स्टैंड के पास एक व्यस्त व्यावसायिक केन्द्र में तीन शक्तिशाली बम फटने से दस व्यक्तियों की मौत हो गई और 32 घायल हुए। विस्फोट इलाके में स्थित कोणार्क सिनेमाघर के नजदीक सड़क किनारे बने ढाबे के बाहर हुआ। उस समय मौके पर काफी लोगों के मौजूद होने के कारण अफरातफरी मच गई और लोग सुरक्षा के लिए इधर उधर भागने लगे। घायलों को एंबुलेस के जरिए आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। पुलिस और बम निष्क्रिय करने वाले दस्ते तुरंत हरकत में आ गए और खोजबीन शुरू कर दी। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने नयी दिल्ली में बताया कि विस्फोटों में दस लोगों की मौत हुई है। हैदराबाद में आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हादसे में कम
से कम 32 लोग घायल भी हुए हैं। 15 मिनट के भीतर एक के बाद एक हुए तीन धमाकों से इलाका दहल उठा। पहला धमाका सात बजकर एक मिनट पर हुआ , पांच मिनट बाद दूसरा और 15 मिनट बाद तीसरा धमाका हुआ। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड का दल हैदराबाद रवाना हो गया है।
पुलिस का कहना है कि बम शायद एक साइकिल में रखा गया था। केन्द्रीय गृह सचिव आर के सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड का एक दल सीमा सुरक्षा बल के एक विमान से हैदराबाद पहुंच रहा है। हैदराबाद में तैनात एनआईए का एक दल भी घटनास्थल पर भेजा गया है। इससे पहले हैदराबाद पर 25 अगस्त 2007 को बड़ा हमला हुआ था, जब एक साथ दो बम धमाके हुए थे। पहला धमाका एक पार्क में और लगभग उसी समय दूसरा धमाका खाने पीने की एक दुकान में हुआ था। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन किरण रेड्डी घटनास्थल रवाना हो गए हैं।
|
|
Last Updated on Thursday, 21 February 2013 21:18 |