|
Wednesday, 20 February 2013 15:37 |
नयी दिल्ली । सीबीआई ने 2जी स्पेक्ट्रम मामले में आरोपी यूनिटेक के प्रबंध निदेशक संजय चंद्रा और एजेंसी के वकील रहे ए के सिंह के बीच कथित बातचीत की ऑडियो रिकार्डिंग के संबंध में पूछताछ के लिए आज मामले के आरोपी शाहिद बलवा को तलब किया।
एजेंसी के सूत्रों के अनुसार स्वान और डीबी रियलिटी के प्रमोटर बलवा को मामले की जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है क्योंकि कथित बातचीत में उसका नाम आया है। सूत्रों के मुताबिक एजेंसी को ऐसी और बातचीतों के सामने आने की संभावना है क्योंकि उसका पुरजोर तरीके से मानना है कि इस बातचीत की रिकार्डिंग और उसके बाद इसका लीक होना दूरसंचार क्षेत्र में कार्पोरेट प्रतिद्वंद्विता का परिणाम है। इस बीच एजेंसी को केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला :सीएफएसएल: से सीबीआई के वकील ए के सिंह और चंद्रा के बीच बातचीत की सीडी के बारे में रिपोर्ट मिली है। सीएफएसएल ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बातचीत से छेड़छाड़ नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि हालांकि सिंह और
चंद्रा की आवाज के नमूने नहीं होने पर यह साबित नहीं किया जा सकता कि रिकार्डिंग में आवाज इन दोनों की है। सूत्रों ने स्पष्ट किया कि अभी तक इस बात के कोई संकेत नहीं हैं कि 2जी मामले में सीबीआई का मामला प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि टेप सामने आने के बाद हटाये गये वकील सिंह ने कथित तौर पर जांच अधिकारियों से कहा था कि मामले से जुड़े तथ्यों पर बातचीत करना असामान्य नहीं है और यह एक सामान्य प्रक्रिया है। इससे अभियोजन पक्ष के मामले पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ता। वहीं यूनिटेक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि चंद्रा ने 2जी मामले में अदालत के बाहर अभियोजक से कभी मुलाकात नहीं की या उनके साथ फोन पर कोई बातचीत नहीं हुई। कंपनी ने इस बात से भी इनकार किया है कि टेप में चंद्रा की आवाज है। कंपनी ने कहा कि यह कोई रची गयी आवाज की रिकार्डिंग लगती है जो गुमनाम तरीके से सीबीआई को भेजी गयी। (भाषा)
|
|
Last Updated on Wednesday, 20 February 2013 17:45 |