|
Tuesday, 19 February 2013 18:40 |
नयी दिल्ली। एक दर्जन वीवीआईपी हेलीकॉप्टर की खरीद में गड़बड़ी का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने आज कहा कि 3,600 करोड़ रुपए के इस करार में ‘‘कहीं न कहीं, कुछ न कुछ तो हुआ है’’ ।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एंटनी ने कहा, ‘‘हमने हर प्रक्रिया पूरी की है । रक्षा मंत्रालय, भारतीय वायुसेना, एसपीजी सहित हर किसी की ओर से सारी सावधानियां बरतने के बावजूद एक चीज बड़ी साफ है कि कहीं न कहीं, कुछ न कुछ तो हुआ है ।’’ कथित हेलीकॉप्टर घोटाले की सरकारी जांच में हुई
प्रगति के बाबत किए गए सवालों के जवाब में रक्षा मंत्री ने यह टिप्पणी की । एंटनी ने कहा कि इटली के जांच अधिकारियों द्वारा फिनमेकेनिका के सीईओ ग्यूसेप्पे ओरसी और अगस्टा वेस्टलैंड के सीईओ ब्रूनो स्पैगनॉलिनी की गिरफ्तारी के बाद सरकार ने इतालवी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है । एडब्ल्यू-101 हेलीकाप्टरों की खरीद के लिए हुए करार को रद्द करने की दिशा में मंत्रालय ने कार्रवाई शुरू कर दी है । 12 हेलीकॉप्टरों की खरीद के लिए हुए इस करार में तीन भारत को दिए जा चुके हैं । इस करार पर 2010 में दस्तखत हुए थे ।
|