|
Tuesday, 19 February 2013 10:28 |
नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने यहां की एक अदालत में कहा कि भाजपा नेता अरूण जेटली के कॉल विवरण हासिल करने के कथित प्रयास में गहरी साजिश हो सकती है जिसमें देश की सुरक्षा शामिल हो सकती है। वहीं, इस मामले में आज दूसरी गिरफ्तारी की गई।
पुलिस ने यह भी कहा कि वह इस बात की जांच कर रही है कि क्यों इस मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी विभिन्न नेताओं के कॉल विवरण जुटा रहा था। दिल्ली पुलिस ने मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अपर्णा स्वामी से कहा, ‘‘अब
तक की जांच में गहरी साजिश का खुलासा हुआ है। इसमें भारत की सुरक्षा का मामला शामिल हो सकता है।’’ अदालत ने कांस्टेबल अरविंद डबास की पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी। उसे राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली के कॉल का विवरण हासिल करने के प्रयास में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि डबास के अतिरिक्त एक निजी जासूस नीरज को भी इस मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में दोनों सहयोग नहीं कर रहे हैं। (भाषा)
|