|
Thursday, 14 February 2013 10:18 |
अहमदाबाद (भाषा)। उच्चतम न्यायालय के आदेश के एक सप्ताह बाद दंगे में मारे गए पूर्व कांग्रेस सांसद एहसान जाफरी की पत्नी जाकिया जाफरी को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य के खिलाफ उनकी शिकायत की जांच की एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट की एक प्रति दी गई जिसमें उन्हें गोधरा कांड के बाद हुए दंगों में क्लीन चिट दी गई है।
रिपोर्ट विशेष जांच दल :एसआईटी: के सदस्य ए के मल्होत्रा द्वारा तैयार की गई है। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद एसआईटी ने मामले के जांच अधिकारी हिमांशु शुक्ल की
दो अन्य रिपोर्ट भी यहां की एक अदालत को सौंपी। इन रिपोर्ट की प्रतियों को मेट्रोपालिटन मजिस्ट्रेट बी जे गणत्र ने जाकिया जाफरी के वकीलों को सौंपा। तीनों रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद जाकिया के लिए पेश होने वाले एस एम वोरा ने अदालत से अनुरोध किया कि उन्हें इस बात की पुष्टि करने के लिए समय दिया जाए कि उन्हें मुहैया करायी गई सामग्री उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुरूप है या नहीं। मजिस्ट्रेट ने वोरा का अनुरोध स्वीकार करते हुए मामले की सुनवायी की अगली तिथि 18 फरवरी तय की।
|