|
Wednesday, 13 February 2013 15:14 |
नयी दिल्ली । हेलीकॉप्टरों में रिश्वतखोरी के आरोपों पर सरकार ने वायदा किया कि दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
अति विशिष्ट व्यक्तियों के इस्तेमाल के लिए महंगे हेलीकॉप्टरों की प्राप्ति में रिश्वतखोरी के आरोपों से हिली सरकार ने आज वायदा किया कि दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दूसरी ओर, आरोपों में अपना नाम उछलने पर पूर्व वायु सेना प्रमुख एसपी त्यागी ने खुद को निर्दोष बताया है । रक्षा मंत्री एके एंटनी ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश देने के एक दिन बाद संवाददाताओं से कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने कथित इतालवी हेलीकॉप्टर घोटाले पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे कोई भी अंजाम हो।’’ कथित घोटाले में त्यागी का नाम उछल रहा है, लेकिन उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है । मीडिया में आई खबरों में कहा गया है कि 3600 करोड़ रुपये के
सौदे में 10 प्रतिशत की रिश्वत के त्यागी कथित लाभार्थी थे । त्यागी ने ‘‘घोटाले’’ में जांच के आदेश का स्वागत करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं निर्दोष हूं । ये आरोप निराधार हैं और मैं इन्हें सिरे से खारिज कर रहा हूं ।’’ पूर्व एयर चीफ मार्शल ने हालांकि, स्वीकार किया कि वह कार्लो से उसके चचेरे भाई के आवास पर मिले थे । इतालवी जांच रिपोर्ट में कार्लो का नाम कथित बिचौलिए के रूप में लिया गया है । उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जब आप कहते हैं कि आपके उससे संपर्क थे तो जवाब है... नहीं । मैं उससे किस वजह से मिला होउंगा । मूल्यांकन, परीक्षणों और करार संबंधी समूची प्रक्रिया 2010 में हुई थी ।’’ (भाषा)
संबंधित खबरें:
हेलीकॉप्टर घोटाला मामले मे किसी को बख्शा नहीं जाएगा: एंटनी
पूर्व वायुसेना प्रमुख ने रिश्वत के आरोपों से इंकार किया
सक्रिय नहीं होने के विपक्ष के आरोपों को खुर्शीद ने खारिज किया
|
|
Last Updated on Wednesday, 13 February 2013 15:37 |