|
Wednesday, 13 February 2013 14:02 |
नयी दिल्ली (भाषा)। 3600 करोड़ रुपये के वीवीआईपी सौदे में रिश्वत के आरोपों की जांच में सक्रिय नहीं होने के आरोपों को खारिज करते हुए सरकार ने आज कहा कि वह केवल कानून के मुताबिक काम करेगी न कि मामले में विपक्ष को खुश करने के लिए।
विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने इन सुझावों को भी खारिज कर दिया कि कथित घोटाला ‘‘बोफोर्स भाग दो’’ है । उन्होंने कहा कि विपक्ष को समझना चाहिए कि बोफोर्स मामले में अधिकतर आरोपों को उच्चतम न्यायालय खारिज कर चुका है । उन्होंने कहा कि मामले को लेकर भारत इटली के अधिकारियों के संपर्क में है और कहा कि जांच के लिए इटली बेहतर जगह है
क्योंकि हेलीकॉप्टर बनाने वाली कंपनी देश के बाहर की है । उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई इसकी जांच कर रहा है तो उसे जांच करने दीजिए । अगर कोई जांच कर रहा है तो क्या आपको अपनी जांच करनी चाहिए जो कि जांच के लिए संभवत: अच्छी जगह है क्योंकि उत्पादन वहीं होता है और वहीं उसके कार्यालय हैं।’’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके संपर्क में हैं और उम्मीद करते हैं कि वे उचित मंच पर हमें सूचित करते रहेंगे, जिसका हम उपयोग करेंगे ।’’ यह पूछने पर कि क्या उनका मतलब है कि भारत सक्रियता से इसकी जांच नहीं करेगा तो उन्होंने कहा कि सक्रियता कुछ नहीं होती ।
|