|
Tuesday, 12 February 2013 21:50 |
नयी दिल्ली। स्वाइन फ्लू से सबसे ज्यादा प्रभावित राजस्थान है।
जहां इस साल एक जनवरी से छह फरवरी तक 326 मामले सामने आये हैं और 65 मौतें हुई हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर हरियाणा है जहां एच1एन1 संक्रमण के 78 मामले सामने आये हैं और 23 मौतें हुई हैं।देशभर में इस साल स्वाइन फ्लू के 708 ताजा मामले और 132 मौतों के बाद सरकार ने आज कहा कि वह स्थिति पर नजर बनाए हुए है जो अब ‘पूरी तरह से नियंत्रण में’ है। पंजाब में स्वाइन फ्लू से कुल 16 मौतें हुई हैं और 90 मामले दर्ज हुए हैं जबकि गुजरात में 16
मौतें हुई हैं जबकि 58 मामले सामने आए हैं। मई 2009 से अब तक स्वाइन फ्लू से कुल 3315 मौतें हुई हैं और देशभर में 27 जनवरी तक 53943 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि विषाणु देशभर में फैल रहा है इसलिए अंतरराज्यीय प्रवेश बिन्दुओं और रेलवे स्टेशनों पर स्क्रीनिंग या यातायात प्रतिबंध लगाने की जरूरत नहीं है। दिल्ली में एक जनवरी 2013 से अब तक स्वाइन फ्लू विषाणु से संक्रमित 57 मामले सामने आए हैं जिनमें से तीन की मौत हुई है। मई 2009 से अब तक राजधानी में कुल 153 लोगों ने जान गंवाई है और कुल 11294 मामले सामने आए हैं। (भाषा)
|
|
Last Updated on Tuesday, 12 February 2013 21:55 |