|
Tuesday, 12 February 2013 16:19 |
नयी दिल्ली (भाषा)। टूजी स्पेक्ट्रम घोटाला मामले के एक अभियुक्त से केन्रदीय जांच ब्यूरो के प्रमुख वकील की कथित मिलीभगत का खुलासा होने पर भाजपा ने केन्रद सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।
पार्टी के प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने आज यहां कहा, ‘‘यह बहुत ही गंभीर खुलासा है। कांग्रेस को अब सारे मामले पर स्पष्टीकरण देना होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘खुलासे से साबित हो गया है कि सीबीआई का वकील ही 2जी घोटाले के अभियुक्त से न्यायपालिका में अपनाए जाने वाली रणनीति पर चर्चा कर
रहा था। यह अपने आप में एक और बड़ा घोटाला है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ यह इस बात का एक और सुबूत है कि कांग्रेस की ओर से सीबीआई का किस तरह दुरूपयोग किया जाता है। वह जहां जांच एजेंसी का दुरूपयोग नहीं कर पाती है वहां उसके वकीलों का उपयोग करती है। ’’ टूजी घोटाले के एक अभियुक्त से ही मुकद्दमे की रणनीति पर चर्चा किए जाते समय कथित रूप से रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद सीबीआई ने सोमवार को इस मामले के अपने मुख्य वकील ए के सिंह को हटा दिया है।
|