|
Sunday, 10 February 2013 16:51 |
|
हैदराबाद (भाषा)। इस साल आम चुनाव होने की चर्चा के बीच केद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने आज कहा कि संप्रग सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
तिवारी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ 2004 में संप्रग पांच साल के लिए चुना गया था। हमने लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और अपना जनादेश पूरा किया। हममें अपने सहयोगियों के प्रति पूरा सम्मान है....। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन भारत के लोगों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता सर्वोपरि है। भारत के नागरिकों ने संप्रग को पांच साल का जनादेश दिया है और हम अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।’’ उनसे इस साल आम
चुनाव कराए जाने की चर्चा होने और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव द्वारा कथित तौर पर अपने कार्यकर्ताओं को जल्दी चुनाव के लिए तैयार रहने का निर्देश देने के बारे में सवाल किया गया था। वरिष्ठ भाजपा नेता एम वेंकैया नायडू ने भी कल कहा था कि कांग्रेस इसी साल चुनाव करा सकती है। संसद पर हमला मामले में अभियुक्त अफजल गुरू को फांसी दिए जाने के बारे में एक सवाल पर तिवारी ने कहा कि विपक्षी पार्टियों ने नकारात्मक रवैया अपनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और अन्य विपक्षी पार्टियों ने कल से जो टिप्पणियां की हैं, वे दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय हैं।
|
|
Last Updated on Sunday, 10 February 2013 17:16 |