|
Wednesday, 06 February 2013 21:40 |
नयी दिल्ली। दिल को दहला देने वाली एक अन्य घटना में दक्षिण दिल्ली के लाजपत नगर में एक युवा लड़की ने जब बलात्कार के प्रयास का विरोध किया तो एक इलेक्ट्रिशियन उसके मुंह में लोहे की रॉड घुसा दी।
बलात्कार के प्रयास का प्रतिरोध करने पर एक व्यक्ति द्वारा एक युवती पर बर्बर हमला करने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने आज दिल्ली पुलिस पर एक बार फिर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाएं यहां सुरक्षित नहीं हैं और इस घटना के बाद भय में वृद्धि हुई है। दीक्षित से जब घटना पर टिप्पणी करने को कहा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘महिलाएं दिल्ली में सुरक्षित नहीं महसूस करतीं। सुरक्षा का अहसास नहीं है। लाजपत नगर में कल जो हुआ वह सकते में डालने वाला है। घटना के बाद डर बढ़ गया है।’’ पुलिस ने हत्या और बलात्कार के प्रयास के आरोप में व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया
और लड़की को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बताई जाती है। यह घटना 16 दिसंबर को 23 वर्षीय लड़की से सामूहिक बलात्कार के दो महीने बाद हुई है। 16 दिसंबर की घटना को लेकर देशभर में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। दीक्षित ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा चिंताओं का निवारण करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। इस संबंध में पहले ही कई कदम उठाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब हम सुरक्षा की बात करते हैं तो हम जानते हैं कि पुलिस वहां है। लेकिन सुरक्षा के बारे में कोई संतोष नहीं है जो वहां होना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरी सरकार शहर में महिलाओं को अनुकूल वातावरण मुहैया कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।’’ दीक्षित दिल्ली पुलिस की कार्यशैली की आलोचक रही हैं और उन्होंने दिल्ली सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद पुलिस आयुक्त नीरज कुमार का इस्तीफा मांगा था। (भाषा)
|