|
Friday, 01 February 2013 15:18 |
चेन्नई। आज हासन की फिल्म ‘विश्वरूपम’ के प्रदर्शन को लेकर जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए यहां त्रिपक्षीय बातचीत शुरू हो गयी।
बैठक में फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल मुस्लिम समूहों के प्रतिनिधि, कमल हासन के भाई चंद्र हासन और राज्य के गृह सचिव हिस्सा ले रहे हैं। चेन्नई के पुलिस आयुक्त एस जॉर्ज भी बैठक में शामिल हो रहे हैं। फिल्म पर रोक लगाने के सरकार के फैसले पर चुप्पी तोड़ते हुए जयललिता ने बातचीत के लिए हासन और मुस्लिम समूहों के आगे आने पर कल मामले के मैत्रीपूर्ण समाधान के लिए मध्यस्थता कराने की पेशकश की थी। फिल्म जगत के लोगों ने जयललिता की इस पेशकश का स्वागत किया था। तमिल, तेलगू
और हिन्दी में बनी ‘विश्वरूपम’ राज्य में 25 जनवरी को प्रदर्शित होने वाली थी। हासन ने तत्काल उच्चतम न्यायालय में जाने की बात से इनकार करते हुए कहा था कि वह मद्रास उच्च न्यायालय के अगले हफ्ते आने वाले फैसले का इंतजार करेंगे और इस दौरान बातचीत द्वारा समाधान ढूंढ़ने की कोशिश करेंगे। बाद में फेडरेशन आॅफ मुस्लिम ओर्गेनाइजेशन के समन्वयक मोहम्मद हनीफा ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने मैत्रीपूर्ण बातचीत की इच्छा जाहिर करते हुए सरकार को एक पत्र सौंपा था। उन्होंने साथ ही कहा कि यह बैठक आज शाम आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार बातचीत के लिए जगह का फैसला करेगी। बैठक में उनके पक्ष से 15 सदस्य और कमल हासन की ओर से पांंच लोग शामिल होंगे। (भाषा)
|
|
Last Updated on Friday, 01 February 2013 15:23 |