|
Friday, 01 February 2013 10:31 |
मुंबई। हासन ने कहा, ‘‘क्रोध में....भावुक होकर मैंने कहा होगा कि मैं देश छोड़ दूंगा। इसका यह मतलब नहीं है कि मैं इसे करूं....मुझे सम्मान और प्रसिद्धी मिली है।
लेकिन यदि ऐसा दोबारा हुआ तो मैं गंभीरतापूर्वक इसे छोड़ने पर विचार करूंगा। मैं गंभीर हूं।’’अपनी विवादास्पद फिल्म ‘विश्वरूपम’ के प्रचार के सिलसिले में मुंबई आये अभिनेता और फिल्मकार कमल हासन ने कहा कि यदि इस तरह का गंभीर गतिरोध दोबारा हुआ तो वे ‘गंभीरतापूर्वक’ देश छोड़ने पर विचार कर रहे हैं । इससे पहले हासन ने तमिलनाडु में अपनी फिल्म को प्रदर्शित किये जाने को लेकर कहा था कि एक ‘धर्मनिरपेक्ष राज्य’ की तलाश में वे विदेश चले जायेंगे जहां उन्हें अपने कला को जारी रखने की अनुमति होगी । हासन ने कहा कि वह मदद प्रस्ताव देने के लिये तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता की शुक्रगुजार हैं । उन्होंने कहा, ‘‘वह :जयललिता: एक कलाकार हैं । उन्होंने समझा है और वे आगे आई हैं । मैं उनका शुक्रगुजार हूं ।’’ ऐसी खबरें थी कि हासन अपनी फिल्म को रिलीज कराये जाने की लड़ाई को उच्चतम न्यायालय तक ले जायेंगे इस पर हासन ने कहा, ‘‘अब वह :जयललिता: मेरी मदद कर रही हैं तो मुझे उच्चतम न्यायालय जाने की क्या
जरूरत है ।’’ हासन ने फिल्म के विवाद पर कहा, ‘‘यह कहना मूर्खतापूर्ण होगा कि मुझे अच्छा प्रचार मिला । भारत को अच्छा प्रचार नहीं मिलता । जब भारत का नाम कीचड़ में घसीटा जा रहा है तो मुझे अच्छे प्रचार को मिलने का क्या महत्व है ।’’ हासन ने कहा, ‘‘मैं अब और ज्यादा तकरार नहीं चाहता । यह थकाउच्च्, कष्टकर और अपमानजनक है । न केवल मेरे लिये बल्कि इस फिल्म से जुड़े कई अन्य लोगों के लिये । इस तरह की तकरार हमें कहीं नहीं ले जा रही है ।’’ मुसलमानों के इस फिल्म के विरोध करने पर अभिनेता ने आगे कहा कि उनके लिये कोई धर्म नहीं है । उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिये लोग हैं । मैं वास्तव में उन्हें :मुसलमानों को: बहुत प्यार करता हूं । मैं भारत, मेरे मुस्लिम भाइयों, ईसाई भाइयों, सिख भाईयों से अनुरोध करूंगा वे इस तरह की चीजों से बचें । हमें भारत को आगे ले जाने के लिये अभी बहुत कुछ करना है ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं नहीं जानता कि मैने जो किया वह इसका हकदार था । कलाकार वाहन के आगे के बंपर होते हैं । हमारा असम्मान नहीं करें । जितना समर्थन मुझे मुस्लिम समुदाय से मिला वह अविश्वसनीय है । उन्होंने माफी मांगी ।’’ (भाषा)
|
|
Last Updated on Friday, 01 February 2013 10:38 |