|
Thursday, 31 January 2013 17:54 |
नयी दिल्ली (भाषा)। तेलंगाना से कांग्रेस सांसद ने धमकी दी है कि अगर पृथक तेलंगाना राज्य के गठन की उनकी मांग की दिशा में त्वरित कदम नहीं उठाया गया तब वे अपना इस्तीफा लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को भेज सकते हैं।
हस्ताक्षर करने वालों में शामिल सुखेन्रद रेड्डी ने प्रेट्र से कहा, ‘‘ इस्तीफा देने का निर्णय सामुहिक था। दो दिन तक विस्तृत विचार विमर्श के बाद मधु गौड़ याक्षी समेत हम सात लोगों ने इस पत्र पर हस्ताक्षर किया।’’ याक्षी ने बाद में कहा कि इस्तीफा देने की जरूरत नहीं थी। रेड्डी ने कहा, ‘‘ हम अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे और पृथक तेलंगाना राज्य के गठन की दिशा में कोई निर्णय नहीं किया गया तो हम अपना इस्तीफा लोकसभा अध्यक्ष को भेज देंगे।’’ यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब मंदा जगन्नाथम, पोन्नम प्रभाकर, एस राजैया, विवेक रेड्डी, राजगोपाल रेड्डी और निजामाबाद से सांसद मधु गौड़ याक्षी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को संयुक्त इस्तीफे का पत्र भेजा
था। हालांकि, जब पार्टी प्रवक्ता पी सी चाको ने बयान दिया कि कांग्रेस पृथक तेलंगाना राज्य के गठन के खिलाफ नहीं है और इस बारे में जल्द ही कोई निर्णय किया जायेगा तब कल याक्षी ने कहा था कि चाको के बयान के बाद वह इस्तीफा देने की जरूरत नहीं समझते हैं। राजैया ने हालांकि कहा कि पृथक तेलंगाना राज्य के मुद्दे पर समझौता करने का कोई प्रश्न नहीं है और इस बारे में कोई समझौता तभी हो सकता है जब इसके गठन की दिशा में कोई सकारात्मक खाका तैयार हो। उन्होंने कहा कि इस बारे में वारंगल में सांसदों के बीच दो दिनों तक विचार विमर्श के बाद इस्तीफा देने का निर्णय किया गया। याक्षी के बयान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह सोच समझ कर किया गया क्योंकि सांसद ने इस्तीफे के पत्र पर हस्ताक्षर किया था। सुखेन्दर रेड्डी और राजैया ने साथ ही कहा कि याक्षी अपने निर्णय करने को स्वतंत्र हैं।
|