|
Wednesday, 30 January 2013 15:09 |
पणजी (भाषा)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू ने आज कहा कि कांग्रेस भले ही अगली पीढ़ी के नेताओं को आगे ला रही है लेकिन हर मोर्चे पर उसकी असफलता की वजह से वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में उसे शर्मनाक पराजय का सामना करना पड़ेगा।
नायडू ने यहां संवाददाताओं से कहा ‘कांग्रेस को आम चुनावों में पराजय से कोई नहीं बचा सकता। जब भी चुनाव होंगे, कांग्रेस की शर्मनाक पराजय होगी और उसकी सीटों की संख्या घट कर दहाई में आ जाएगी।’ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना नायडू ने कहा ‘यह बहस निरर्थक है कि कोई कांग्रेस को बचाने जा रहा है.... चाहे वह युवा नेता हो या न हो।’ उन्होंने कहा कि
देश में कांग्रेस के खिलाफ लहर है क्योंकि लोग खुद को ‘छला हुआ’ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया ‘लोग कांग्रेस को छलावा करने वाली पार्टी समझ रहे हैं। संप्रग सरकार विभिन्न मोर्चों पर नाकाम रही है।’ भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस समय से पहले चुनाव करा सकती है क्योंकि पार्टी कई घोटालों में घिरी है और वह यह नहीं चाहेगी कि :तय तारीख पर: चुनावों से पहले और घोटाले सामने आएं।’ सरकार के नीतिगत फैसलों को अव्यवहारिक बताते हुए नायडू ने कहा ‘पेट्रोल के दामों में 15 गुना वृद्धि हुई है जबकि उर्वरक के दाम 20 गुना बढ़े हैं। सरकार ने सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति भी सीमित कर सालाना नौ कर दी है।’
|