|
Wednesday, 30 January 2013 15:01 |
|
मुम्बई । शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने अपनी ओर से मेलमिलाप की ओर बढ़ने का संकेत देते हुए आज कहा कि मराठियों के हित में वह अपनी पार्टी और राज ठाकरे नीत महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना :एमएनएस: के बीच गठबंधन की किसी भी पेशकश का स्वागत करेंगे।
उद्धव ने हालांकि कहा, ‘‘एक हाथ से ताली नहीं बजती। मुझे बताइये क्या आप ऐसा कर सकते हैं? उन्होंने यह बात इस प्रश्न के उत्तर में कही कि क्या चचेरे भाई एक साथ होंगे। यह पूछे जाने पर कि यदि उनसे अलग हुए उनके चचेरे भाई :गठबंधन के लिए: एक प्रस्ताव के साथ आते हैं तो वह क्या करेंगे, उद्धव
ने कहा, ‘‘यदि कोई खुले हृदय से शिवसेना के साथ आता है तो मैं उसका स्वागत करूंगा।’’ उद्धव ने यह बातें शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में आज प्रकाशित अपने साक्षात्कार के दूसरे हिस्से में व्यक्त किये हैं। राज ठाकरे वर्ष 2006 में शिवसेना से अलग हो गए थे जब उनके चाचा बाल ठाकरे ने यह स्पष्ट कर दिया था कि उनके पुत्र उद्धव उनके उत्तराधिकारी होंगे। गत एक वर्ष से राज ‘मातोश्री’ में अपने चाचा से कई बार मिलने गए जिससे उनके शिवसेना के साथ आने की अटकलें लगायी जाने लगीं। वह उद्धव से मिलने अस्पताल भी गए थे जब वह इलाज के सिलसिले में भर्ती थे। (भाषा)
|
|
Last Updated on Wednesday, 30 January 2013 15:07 |