|
Wednesday, 30 January 2013 10:01 |
चेन्नई। प्रख्यात अभिनेता कमल हासन को बड़ी राहत देते हुए मद्रास उच्च न्यायालय ने आज रात उनकी फिल्म ‘विश्वरूपम’ पर लगे प्रतिबंध को हटाने का आदेश दिया ।
प्रतिबंध हटाए जाने के फैसले के बाद अब तमिलनाडु में यह फिल्म रिलीज हो सकेगी । ‘विश्वरूपम’ पर यह प्रतिबंध तमिलनाडु सरकार ने लगाया था । फिल्म में कथित तौर पर मुस्लिम-विरोधी सामग्री होने के कारण इसे प्रतिबंधित किया गया था । मामले की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति के. वेंकटरमण ने फिल्म से प्रतिबंध हटाने का आदेश पारित किया । अदालत के इस आदेश के
बाद ‘विश्वरूपम’ अब तमिलनाडु में रिलीज हो सकेगी । इस फिल्म के निर्माण पर कथित तौर पर 100 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं । हालांकि, ऐसे संकेत हैं कि राज्य सरकार अदालत के इस फैसले के खिलाफ अपील कर सकती है । अदालत ने सीआरपीसी की धारा 144 के तहत राज्य भर में जिलाधिकारियों की ओर से दिए गए निषेधाज्ञा लागू करने के आदेश पर भी रोक लगा दी है । मद्रास उच्च न्यायालय के इस फैसले पर हासन की प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की गयी लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया । (भाषा)
|