|
Tuesday, 29 January 2013 21:41 |
इलाहाबाद । शहर प्रशासन ने बालीवुड कलाकारों से अपनी आगामी फिल्मों के प्रचार के लिए महाकुंभ का दौरा करने से बचने के लिए कहा है।
इलाहाबाद के संभागीय आयुक्त देवेश चतुर्वेदी ने पीटीआई से कहा कि चूंकि हम इस मेले में किसी तरह की भगदड़ जैसी स्थिति नहीं चाहते हैं, हम विभिन्न फिल्म निर्माताओं को पत्र लिखने जा रहे हैं जिनकी संभवत: अपनी फिल्म के कलाकारों के साथ मेले में आने की योजना है। चतुर्वेदी ने कहा कि हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि कुंभ में फिल्म उद्योग के किसी भी प्रचार क्रियाकलापों को अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि वे कुंभ के दौरान संगम में स्नान करने या धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए निजी दौरे पर आ
सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें सुनिश्चित करना होगा कि उनका दौरा बिना किसी शोरशराबे के हो और वे मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी जैसे मुख्य स्नान महोत्सवों पर यहां नहीं आएं क्योंकि इन मौकों पर सामान्य से ज्यादा पर्यटक होते हैं। प्रशासन की ओर से यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जबकि बालाजी मोशन पिक्चर्स का 10 फरवरी को मौनी अमावस्या के मौके पर अभिनेता इमरान हाशमी, हुमा कुरैशी, विशाल भारद्वाज और निर्माता एकता कपूर के साथ कुंभ पहुंचने का कार्यक्रम है। इस मौके पर कलाकार स्नान करने के साथ आगामी फिल्म ‘एक थी डायन’ का प्रचार करेंगे। यह भी खबर है कि फिल्म कलाकार प्रभु देवा का भी अपनी आगामी फिल्म ‘एनी बडी कैन डांस’ :एबीसीडी: को लेकर इसी तरह की योजना है।(भाषा)
|