|
Tuesday, 29 January 2013 18:30 |
|
पटना । संसद के आगामी सत्र में कठोर लोकपाल विधेयक लाने के कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के पत्र को कोरा आश्वासन करार देते हुए समाजसेवी अन्ना हजारे ने आज कहा कि सरकार में बैठे लोग दो साल से केवल धोखाधड़ी कर रहे हैं।
यहां जनतंत्र रैली में भाग लेने के लिए आये अन्ना हजारे ने सोनिया गांधी के पत्र के बारे में पूछे जाने पर संवादददाताओं से कहा, ‘‘ऐसे पत्र बीते दो साल से आ रहे हैं। पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने लिखा, सोनिया गांधी ने भी लिखा। वे जनता से केवल धोखाधड़ी कर रहे हैं। दो साल से कोरा आश्वासन दे रहे हैं।’’ अन्ना ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों की मंशा साफ नहीं है। जनलोकपाल लाना होता तो यह काम केवल संसद के एक या दो सत्र से हो जाता। वे भ्रष्टाचार के सफाये के प्रति गंभीर नहीं हैं। कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी को पदोन्नति के सवाल पर अन्ना ने कहा, ‘‘कांग्रेस हो या कोई अन्य सब एक हैं। सब भाई भाई हैं।’’ अन्ना हजारे ने कें्रद की संप्रग सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘वे बार बार कह रहे हैं कि अभी जनलोकपाल ला रहे हैं।’’ हजारे ने कहा कि वह बिहार से दोबारा व्यवस्था परिवर्तन के आंदोलन की
शुरूआत कर रहे हैं, क्योंकि यह पवित्र धरती है। यहां से महात्मा गांधी, जयप्रकाश नारायण ने बिगुल फूंका था। यह धरती गौतम बुद्ध की धरती है। गांधीवादी नेता ने कहा, ‘‘यह प्रेरणादायी धरती है, क्योंकि चंपारण से गांधी ने आजादी के आंदोलन की शुरूआत की और जेपी ने संपूर्ण क्रांति का आंदोलन किया। मैं व्यवस्था परिवर्तन के गांधी और जयप्रकाश के अधूरे सपने को पूरा करने आया हूं। शरीर में जबतक प्राण है मैं इस अभियान में लगा रहूंगा।’’ उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण के आंदोलन में केवल सत्ता परिवर्तन हुआ था उससे प्रेरणा लेते हुए वह व्यवस्था परिवर्तन की बात कह रहे हैं। हजारे ने कहा, ‘‘हम जनलोकपाल की मांग कर रहे हैं। इसके बाद जनप्रतिनिधियों को वापस बुलाने का अधिकार, ग्राम सभा और वार्ड सभाओं को अधिकार देने की मांग और सत्ता के विकें्रदीकरण की मांग करते हुए व्यवस्था परिवर्तन के प्रयास में लगे हैं।’’ उन्होंने कहा कि पटना की जनतंत्र रैली के बाद फरवरी में वह चार राज्यों में सभाएं करेंगे और उसके बाद मार्च महीने में हर राज्य में जायेंगे और सबको जगायेंगे। देश में 120 करोड लोग हैं, यदि डेढ साल प्रयास करेंगे तो छह करोड लोग कम से कम जाग जायेंगे। जनता सरकार के नाक में दम कर देगी।’’(भाषा)
|
|
Last Updated on Tuesday, 29 January 2013 21:32 |