|
Tuesday, 29 January 2013 15:39 |
बेंगलूर (भाषा)। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के समर्थक भाजपा के 13 बागी विधायकों ने आज विधानसभा अध्यक्ष के जी बोपैया को अपने त्यागपत्र सौंप दिए।
विधायकों ने विधानसभा की सदस्यता छोड़ने से संबंधित त्यागपत्र बोपैया को सौंपा जिन्होंने एक-एक करके सभी विधायकों से मिलकर पूछा कि क्या वह अपनी इच्छानुसार ऐसा कर रहे हैं। जब यह बैठक चल रही थी तब विधानसभा अध्यक्ष के सचिवालय ने एक बयान जारी कर कहा कि चल्लाकेरे :एसटी: विधानसभा क्षेत्र के विधायक तिप्पेस्वामी का इस्तीफा मंजूर कर लिया
गया है। लेकिन बाकी 12 विधायकों के इस्तीफे पर फैसले के बारे में पता नहीं चला है। विधानसभा अध्यक्ष के सामने पहले से ही ‘पार्टी विरोधी’ गतिविधियों के लिए 12 बागी विधायकों को अयोग्य करार देने से संबंधित भाजपा की याचिका रखी है और इसका प्रभाव विधायकों के इस्तीफे पर पड़ने की संभावना है। भाजपा ने आज एक और याचिका दायर कर उन पांच विधान पार्षदों को अयोग्य करार देने की मांग की जो येदियुरप्पा द्वारा गठित कर्नाटक जनता पार्टी का समर्थन करते आए हैं।
|