|
Monday, 28 January 2013 16:05 |
मथुरा। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह ने आज यहां कहा कि मोदी बेहतर प्रशासक है, लेकिन राहुल गांधी को अभी मौका नहीं मिला है।
राष्ट्रीय लोकमंच अध्यक्ष अमर सिंह ने कहा कि बेशक मोदी एक बेहतर प्रशासक सिद्ध हुए हैं, लेकिन सच्चाई यह भी है कि राहुल गांधी को अभी प्रशासनिक क्षमता दिखाने का मौका ही नहीं मिला है। वह अपनी 67 वीं वर्षगांठ पर पूर्व सिने तारिका जया प्रदा के साथ बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन करने वृंदावन पहुंचे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले सरकार में कोई पद ग्रहण करें।
फिर उनकी क्षमताओं का पता लगेगा। उन्होंने राजनाथ सिंह की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी तथा कल्याण सिंह की वापसी पर कहा कि निश्चित ही भाजपा को इन बदलावों का लाभ आगामी लोकसभा चुनावों में मिलेगा। अपनी पार्टी के विलय अथवा समर्थन पर उन्होंने कहा कि वे समाजवादी पार्टी अथवा सांप्रदायिक पार्टी को छोड़कर किसी भी अन्य पार्टी के साथ जा सकते है। उन्हें किसी से कोई परहेज नहीं है। सिंह ने बताया कि अब वे अपना जन्मदिन शहीदों के परिजनों के साथ मना रहे हैं, क्योंकि वे ही सच्चे सेलेब्रिटी है। (भाषा)
|