मुखपृष्ठ
Bookmark and Share
उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी PDF Print E-mail
User Rating: / 0
PoorBest 
Monday, 28 January 2013 10:56

नयी दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में ठंड का प्रकोप जारी है। कश्मीर घाटी में झीलों में पानी जमा हुआ है।
दिल्लीवासियों के लिए आज का दिन खुशगवार रहा। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है। तड़के कोहरा छाया रहा लेकिन सूरज निकलने के साथ ही धुंध छंटने लगी। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक चला गया।
कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में शीतलहर जारी है और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। भयंकर सर्दी के कारण आपूर्ति लाइनों में, जल निकायों में तथा विश्व प्रसिद्ध डल झील में पानी जम गया है।
मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि लद्दाख का लेह शहर राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां रात को तापमान शून्य से 18.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख के सीमाई क्षेत्र करगिल में रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस कम था।
जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बीती रात मौसम की सर्वाधिक सर्द रात रही जब न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री नीचे चला गया । दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान कल शून्य से आठ डिग्री नीचे था जो आज शून्य से 8.2 डिग्री कम हो गया। कोकरनाग में रात का तापमान शून्य से 8.3 डिग्री कम दर्ज किया गया जो कल शून्य से 10.2 डिग्री नीचे था। 



मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि माह के अंत तक मौसम शुष्क रहेगा और शीतलहर भी जारी रहेगी।
पंजाब और हरियाणा को भी ठंड से अभी छुटकारा नहीं मिला है। इस क्षेत्र में अमृतसर सबसे सर्द स्थान रहा जहां तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान कल 3.4 डिग्री तक गिर गया। चंडीगढ़ में 5.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
हिमाचल प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में ठंड का प्रकोप कायम है। तापमान अभी भी सामान्य से नीचे चल रहा है।
लाहौल और स्पीति, किन्नौर के केलांग और काल्पा में तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे है। कुल्लू जिले के मनाली में तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाके अब भी ठंड की चपेट में हैं और बीते चौबीस घंटों के दौरान अनेक इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से नौ से ग्यारह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया । 
मौसम विभाग के अनुसार, बीते चौबीस घंटों के दौरान झांसी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां रात का न्यूनतम तापमान डेढ़ डिग्री दर्ज किया गया । हालांकि, लखनउच्च् और बरेली मंडलों में रात का तापमान पिछले दिनों के मुकाबले बेहतर रहा।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है, जबकि कुछ इलाकों में कोहरा पड़ सकता है।

 
 

आप की राय

क्या आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी?