|
Saturday, 26 January 2013 10:44 |
|
नयी दिल्ली । गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुरक्षाकर्मी पैनी नजर रखे हुए हैं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसी आतंकी हमले या अन्य प्रतिकूल घटना की आशंका के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के चप्पे चप्पे पर हजारों सुरक्षाकर्मी पैनी नजर रखे हुए हैं। राजपथ से लालकिले तक के परेड के आठ किलोमीटर के रास्ते की बहुमंजिला इमारतों पर आधुनिक हथियारों से लैस सटीक निशाना लगाने में माहिर बंदूकधारी तैनात हैं। शहर भर में तकरीबन 25 हजार पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं जिनमें अर्धसैनिक बल और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड :एनएसजी: के शार्पशूटर शामिल हैं। पुलिस राजपथ से लालकिले तक परेड के रास्ते में लगे 160 सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर पल पर नजर रखे हुए है। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में चलते फिरते प्रहार दल और
विमान रोधी तोपें भी तैनात हैं। तोड़फोड गतिविधि नियंत्रण और खुफिया जानकारी समन्वय पर खास जोर दिया गया है। परेड के पूरे रास्ते पर विशेष सुरक्षा और आतंक विरोधी इंतेजÞाम किए गए हैं। वायुसीमा में प्रवेश के किसी दुस्साहस को रोकने के लिए विमान भेदी तोपें लगाई गई हैं। इसके अलावा भारतीय वायुसेना के लड़ाकू हैलिकाप्टर राजपथ और परेड के पूरे मार्ग पर उड़ान भरते हुए नजर रख रहे हैं। शहर मे आने वाले वाहनों पर कड़ी जांच की जा रही है। कल शाम छह बजे से ही राजपथ आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। तिलक मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से लालकिले तक के रास्तों को आम यातायात के लिए सुबह चार बजे से बंद कर दिया गया है। (भाषा)
|
|
Last Updated on Saturday, 26 January 2013 10:46 |