मुखपृष्ठ
Bookmark and Share
तमिलनाडु में आज रिलीज नहीं हो पाएगी ‘विश्वरूपम’ PDF Print E-mail
User Rating: / 0
PoorBest 
Friday, 25 January 2013 09:59

नई दिल्ली/चेन्नई। केंद्र सरकार ने गुरुवार को तमिलनाडु सरकार से कमल हासन की फिल्म ‘विश्वरूपम’ के प्रदर्शन पर पाबंदी के फैसले पर फिर से विचार करने का सुझाव देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने एक फैसले में कहा था कि इस तरह के मामलों में सेंसर बोर्ड के विचार सभी के लिए बाध्यकारी हैं। उधर मद्रास हाईकोर्ट ने गुरुवार को राज्य सरकार की ओर से दो हफ्तों के लिए फिल्म के प्रदर्शन पर लगाई गई रोक पर अंतरिम स्थगनादेश देने से इनकार कर दिया।
सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने सर्वोच्च न्यायालय में प्रकाश झा के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि आदेश में बहुत स्पष्ट था कि अनुच्छेद 246 की सातवीं अनुसूची की सूची एक, प्रविष्टि छह केंद्र सरकार को फिल्मों के प्रदर्शन का प्रमाणन करने का अधिकार देती है और जब केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने कोई रुख अख्तियार किया है तो यह राज्य के अन्य सभी अधिकारियों के लिए बाध्यकारी है।
तिवारी ने तमिलनाडु सरकार से कहा कि मामले में कार्रवाई से पहले शीर्ष अदालत के पूर्ववर्ती फैसले का अध्ययन करे। उन्होंने कहा, मेरा सुझाव है कि तमिलनाडु सरकार प्रकाश झा मामले में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को सही से पढ़े और उसके बाद किसी नतीजे पर पहुुंचे।
तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को कमल हासन की बड़े बजट की इस फिल्म की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी थी। कुछ मुसलिम संगठनों ने फिल्म में समुदाय का नकारात्मक चित्रण होने का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ प्रदर्शन किए थे।
फिलहाल ‘विश्वरूपम’ शुक्रवार को तमिलनाडु में रिलीज नहीं हो पाएगी क्योंकि मद्रास उच्च न्यायालय ने गुरुवार को राज्य सरकार की ओर से दो हफ्तों के लिए फिल्म के प्रदर्शन पर लगाई गई रोक पर अंतरिम स्थगनादेश देने से इनकार कर दिया।
हासन की तरफ से बीती रात लगाए गए प्रतिबंध को चुनौती देने की याचिका पर अंतरिम आदेश जारी करते हुए न्यायाधीश के वेंकटरमन ने रोक पर स्थगनादेश देने से


इनकार कर दिया। फिल्म को लेकर मुसलिम संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार ने विधि व्यवस्था की समस्याएं उत्पन्न होने की बात करते हुए राज्य में इसके प्रदर्शन पर रोक लगा दी।
फिल्म की रिलीज 28 जनवरी तक स्थगित किए जाने की संभावना व्यक्त करते हुए न्यायाधीश ने कहा, ‘फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा कि फिल्म में ऐसे दृश्य हैं या नहीं जिनसे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है।’ उन्होंने कहा, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस है, इसे देखते हुए याचिकाकर्ता फिल्म की रिलीज को 28 जनवरी तक टाल सकते हैं।  ‘विश्वरूपम’ एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है जिसमें कमल हासन के अलावा राहुल बोस, पूजा कुमार और जयदीप अहलावत मुख्य भूमिकाओं में हैं।

इससे पहले कमल हसन ने कहा कि विश्वरूपम के प्रदर्शन पर तमिलनाडु सरकार की ओर से लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ वे कानूनी रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा, अपना राजनीतिक कद बढ़ाने की फिराक में लगे छोटे संगठनों ने निर्ममता से मेरा उपयोग एक जरिए के रूप में किया है। जब आप खुद से कुछ हासिल नहीं कर पाते तब स्वयं को लोगों की नजर में लाने के लिए किसी हस्ती को निशाना बनाना एक बड़ा तरीका बन जाता है। यह बार-बार हो रहा है। कोई भी तटस्थ और देशभक्त मुसलमान मेरी फिल्म को देखकर गर्व महसूस करेगा। यह इसी मकसद के लिए बनाई गई है।
हाल ही में मुसलिम प्रतिनिधियों के सामने इस फिल्म का विशेष प्रदर्शन कर चुके अभिनेता ने कहा कि अपनी फिल्म के पक्ष में स्वर सुनकर उन्हें बहुत अच्छा लगा था। लेकिन जिस तरह से इसे मुसलमान भाइयों के खिलाफ बताया जा रहा है, उससे उन्हें बहुत दुख है।
उन्होंने कहा, एक समुदाय को नीचा दिखाने के इन आरोपों से न केवल मुझे दुख हुआ है, बल्कि मेरी संवेदनाएं आहत हुई हंै। अब मैं कानून और तर्क का सहारा लूंगा। इस तरह के सांस्कृतिक आतंकवाद को अवश्य ही रोकना पड़ेगा।  (भाषा)।

 
 

आप की राय

क्या आपको लगता है कि स्पॉट फिक्सिंग के खुलासे के बाद आईपीएल को बंद कर देना चाहिए?