|
Friday, 09 November 2012 11:38 |
वाशिंगटन (एजेंसी) अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने कहा है कि अफगानिस्तान के साथ अमेरिका स्थाई संबंध रखना चाहता है क्योंकि वाशिंगटन 2014 में सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह काबुल को हस्तांतरित करने की तैयारी कर रहा है।
पेंटागन के प्रेस सचिव जॉर्ज लिटिल ने कल एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम अभी और 2014 के अंत के बीच अपनी मौजूदगी का विश्लेषण कर रहे हैं । हमें जरूरत इस बात की है कि हम अपने मिशन को प्रभावी ढंग से पूरा करें और अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ तय की गई रणनीति को कार्यान्वित करें ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘2014 के बाद
अफगानिस्तान के साथ स्थाई संबंधों में हमारी मौजूदगी का सवाल है तो हम स्पष्ट कर चुके हैं कि हम अपने अफगान सहयोगियों के साथ मजबूत और स्थाई संबंध चाहते हैं ।’’ अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हमने व्हाइट हाउस को वापसी से संबंधित औपचारिक विश्लेषण नहीं सौंपा है । हम निकट भविष्य में इसे सौंपेंगे ।’’ माना जाता है कि अफगानिस्तान में अमेरिकी तथा नाटो बलों के कमांडर जनरल जॉन एलेन इस बारे में रक्षामंत्री लियोन पैनेटा को रिपोर्ट सौंप चुके हैं । अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है ।
|