|
Wednesday, 07 November 2012 21:37 |
नयी दिल्ली (एजेंसी) ‘यू कैन विन’ के नारे के साथ लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को हिंदी फिल्म जगत ने भी मुबारकबाद दी है । संगीत सम्राट और प्रतिष्ठित आॅस्कर पुरस्कारों से सम्मानित संगीतकार ए आर रहमान ने माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट पर ओबामा को बधाई देते हुये कहा, ‘‘बराक ओबामा जी....आपने एक बार फिर से कर दिखाया है । मुबारक हो अमेरिका ।’’ कई नामचीन अंतराष्ट्रीय फिल्में बनाने वाले फिल्मकार शेखर कपूर ने कहा, ‘‘बधाई हो सर । आप पूरी दुनिया को समानता के रास्ते पर ले जाने के लिये अग्रणी भूमिका निभायें ।’’ कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित फिल्मकार मधुर भंडारकर ने लिखा, ‘‘वह दोबारा जीत गये । बराक ओबामा अमेरिका के 44वें राष्ट्रपति हैं । डेमोक्रेट लोगों ने एक बार फिर से
यह कर दिखाया है । ओबामा के आकर्षण के चार और साल ।’’ अभिनेत्री सोहा अली खान ने लिखा, ‘‘ओबामा का चार और साल के लिये अमेरिका का राष्ट्रपति बनना एक बहुत अच्छी चीज है । अब चुनावी वादों को पूरा करने का समय आ गया है । अभिनेत्री नेहा धूपिया ने लिखा, ‘‘आज मेरी दिन की शुरूआत थोड़ा देर से हुई लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में ओबामा के जीत की खबर सुनकर बहुत खुश हूं । सिने तारिका सेलिना जेटली ने लिखा, ‘‘बराक ओबामा जी दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने के लिये आपको बहुत बहुत बधाई ।’’ अभिनेता कुणाल खेमू ने कहा, ‘‘ओबामा बनाम रोमनी । ऐसा लग रहा था कि दो धुरंधर अखाड़े में हैं । कितना शानदार मुकाबला रहा । मैं समझता हूं कि पूरी दुनिया का ध्यान खींचने वाले ओबामा का चुना जाना अच्छी खबर है ।’’
|