मुखपृष्ठ
Bookmark and Share
लोकसभा चुनाव की रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की बैठक PDF Print E-mail
User Rating: / 0
PoorBest 
Friday, 09 November 2012 12:10

सूरजकुंड :हरियाणा: (एजेंसी) अगले लोकसभा चुनाव की रणनीति तय करने के प्रयास के तहत कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व आज यहां जुट रहा है।

इस दौरान राजनीतिक एवं आर्थिक मुद्दों पर चर्चा होगी ।
एकदिवसीय संवाद बैठक ऐसे समय हो रही है जब पार्टी को कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
संप्रग के दूसरे कार्यकाल में सिलिसिलेवार घोटालों के सामने आने और इसके महत्वपूर्ण घटक दल तृणमूल कांग्रेस के अलग होने के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भविष्य की रणनीति तय करेगा ।
बैठक में केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य शामिल होंगे । इसमें 2009 के लोकसभा चुनाव के घोषणापत्र से जुड़े वायदों के कार्यान्वयन की समीक्षा भी की जाएगी ।
इसमें राहुल गांधी भी शामिल हो रहे हैं जिन्हें पार्टी में फेरबदल के संकेतों के बीच संगठन में ‘‘बड़ी भूमिका’’ दिए जाने की संभावना है ।
यह माथापच्ची इन चिंताओं के बीच हो रही है कि गठबंधन सरकार में पार्टी के कार्यक्रमों और एजेंडे को कार्यान्वित करने में पार्टी को ‘‘सीमाओं’’ का सामना करना पड़ रहा है ।
संवाद बैठक से पहले वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा था कि पिछले तीन साल और नौ महीनों में सरकार की उपलब्धियां ‘‘अत्यंत प्रभावशाली’’ रही हैं ।
हालांकि, पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने स्वीकार किया है कि ‘‘गठबंधन सरकार में कुछ सीमाएं हैं ।’’
सोनिया गांधी राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए एजेंडा तय करेंगी । इसके बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आर्थिक चुनौतियों और सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर नेताओं को संबोधित करेंगे ।

प्रधानमंत्री के भाषण के बाद चिदंबरम आर्भिक मुद्दों पर चर्चा शुरू करेंगे । संप्रग...2 से तृणमूल के अलग


होने के बाद हो रही इस पहली ‘‘संवाद वार्ता’’में  गठबंधन तथा समय पूर्व लोकसभा चुनाव का मुद्दा भी उठेगा ।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि संवाद बैठक में असल में संभवत: जनवरी में होने वाले चिंतन शिविर के लिए एजेंडा तय होगा ।
सूरजकुंड की संवाद बैठक चार नवम्बर को दिल्ली की जनसभा के बाद हो रही है । इस रैली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा शुरू किए गए आर्थिक सुधारों का पुरजोर समर्थन किया था ।
द्विवेदी ने बताया कि 23 कैबिनेट मंत्रियों, 12 राज्य मंत्रियों :स्वतंत्र प्रभार:, कांग्रेस कार्य समिति के 19 सदस्य और कांग्रेस कार्य समिति के 16 स्थाई आमंत्रित सदस्य बैठक में शामिल होंगे ।
रोचक बात यह है कि पार्टी के मुख्यमंत्रियों को इसमें आमंत्रित नहीं किया गया है । अखिल भारतीय कांग्रेस समिति का कहना है कि उन्हें प्रदेश कांग्रेस समिति प्रमुखों के साथ चिंतन शिविर में बुलाया जाएगा ।
द्विवेदी ने कहा कि बैठक में कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया जाएगा क्योंकि आगे की चुनौतियों पर यह पार्टी और सरकार के बीच व्यापक चर्चा के लिए बुलाई गई है ।
संप्रग...1 के समय ऐसी कोई ‘संवाद बैठक’ नहीं हुई थी और कांग्रेस के सत्ता में आने से पहले पार्टी ने दो विचार मंथन बैठकें की थीं ।
इस तरह की पहली बैठक 1998 में सीताराम केसरी से सोनिया गांधी द्वारा पार्टी की कमान लेने के तुरंत बाद पंचमढ़ी में हुई थी और दूसरी 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ पहले 2003 में शिमला में हुई थी ।
यह बैठक गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले हो रही है जिसमें भाजपा के धुरंधर नरेंद्र मोदी तीसरे कार्यकाल के लिए ताल ठोंक रहे हैं ।

 

Last Updated on Friday, 09 November 2012 12:44
 
 

आप की राय

क्या आपको लगता है कि स्पॉट फिक्सिंग मामले में दोषी खिलाड़ियों पर आजीवन प्रतिबंध लगा देना चाहिए?