|
Thursday, 08 November 2012 16:00 |
नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने आज अपने जीवन के 85 साल पूरे होने पर इस बारे में निश्चित तौर पर कुछ नहीं कहा कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे या नहीं।
लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री ना बन पाने का मलाल नहीं होने का आभास देते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने उन्हें उससे अधिक दिया है जो इस पद से मिलता। आडवाणी ने अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘पार्टी ने मेरे सारे जीवन में मुझे इतना अधिक दिया है कि जब कोई कहता है कि आपको प्रधानमंत्री बनना है, तो मैं कहता हूं पार्टी से मुझे जो कुछ मिला
है, प्रधानमंत्री पद उससे अधिक नहीं दे सकता है।’’ उनसे सवाल किया गया था कि पार्टी की ओर से उन्हें क्या उपहार मिला है। उन्हें बधाई देने आने वालों में भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी भी शामिल हैं। कहा जा रहा है कि गडकरी को अध्यक्ष पद का दूसरा कार्यकाल दिए जाने के आडवाणी खिलाफ हैं। उनका मानना है कि गडकरी को पार्टी अध्यक्ष का दूसरा कार्यकाल दिए जाने से भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा की लड़ाई कमजोर पडेगी। वह छह नवंबर को पार्टी की कोर ग्रुप की उस बैठक में भी शामिल नहीं हुए जिसमें गडकरी की कंपनी पूर्ती समूह मेंं कथित संदेहास्पद निवेश होने के विवाद पर चर्चा के बाद पार्टी अध्यक्ष के नेतृत्व में पूरी आस्था की घोषणा की गई थी।
|