|
Thursday, 08 November 2012 15:59 |
अमेठी। राहुल के साथ यहां प्रियंका ने जायस स्थित राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यालय में करीब 150 महिलाओं से मुलाकात की। इन औरतों को हाल में मोमबत्ती बनाने तथा चिकनकारी का प्रशिक्षण दिया गया था।
इस साल फरवरी-मार्च में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गांधी-नेहरू परिवार के गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद आज पहली बार अपने भाई राहुल गांधी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी पहुंची पार्टी की ‘स्टार प्रचारक’ प्रियंका गांधी ने क्षेत्र की जनता से नियमित रूप से मुलाकात और लगातार सम्पर्क बनाये रखने का वादा किया। इस बैठक में हिस्सा लेने वाली महिलाओं ने बताया कि प्रियंका ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भविष्य में वह नियमित रूप से अमेठी आती रहेंगी। उन्होंने बताया कि प्रियंका ने बैठक में मौजूद महिलाओं से कहा कि समय के साथ औरतों की भूमिका भी बदल गयी है। अब वे घर के चूल्हा-चौके तक सीमित नहीं रहकर घर से बाहर निकलें और राष्ट्र निर्माण में योगदान करें। महिलाओं के मुताबिक बैठक में राहुल ने कहा कि वह इलाके की औरतों की तरक्की के लिये फिक्रमंद हैं। उनका मानना है कि देश और समाज को आगे बढ़ाना है तो महिलाओं को अपनी ताकत को समझना होगा। इस बैठक के बाद प्रियंका अपनी मां कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय निर्वाचन
क्षेत्र रायबरेली के लिये रवाना हो गयीं, जबकि राहुल अमेठी में ही रुक गये। इसके पूर्व, राहुल और प्रियंका के अमेठी पहुंचने पर गुर्जर बिरादरी के करीब 500 समर्थकों ने उनसे गत 31 अक्तूबर को पुलिस द्वारा किये गये कथित अत्याचार के बारे में शिकायत की। राहुल ने उन्हें इस मामले पर व्यक्तिगत रूप से गौर करने का आश्वासन दिया, जबकि प्रियंका ने इस बारे में विस्तार से बातचीत करने के लिये गुर्जरों को शाम को बुलाया है। गौरतलब है कि राज्य में हुए पिछले विधानसभा चुनाव के बाद प्रियंका पहली बार अमेठी और रायबरेली आयी हैं। चुनाव के वक्त उन्होंने इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर ही ध्यान केन््िरदत करते हुए 17 दिन तक धुआंधार प्रचार किया था, लेकिन उनकी यह कोशिश बेकार गयी थी। उस चुनाव में अमेठी की पांच में से सिर्फ दो सीटें जीत सकी, जबकि रायबरेली में उसका सूपड़ा साफ हो गया था। यह दिलचस्प संयोग है कि गांधी परिवार के सभी प्रमुख सदस्य एक ही समय रायबरेली तथा अमेठी में मौजूद हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का अपने रायबरेली दौरे का आज दूसरा तथा अंतिम दिन है। सोनिया ने आज भेमउच्च् गेस्ट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं, प्रतिनिधियों तथा आम लोगों से मुलाकात की। सोनिया के शाम को दिल्ली रवाना होने से पहले जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में हिस्सा लेने का भी कार्यक्रम है।
|