मुखपृष्ठ
Bookmark and Share
बिश्नोई ने किया इनेलो से किसी गठजोड़ से इनकार PDF Print E-mail
User Rating: / 0
PoorBest 
Thursday, 08 November 2012 10:02

चंडीगढ़। हरियाणा जनहित कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि भाजपा के साथ उनका गठबंधन स्थायी है और लोगों के नकारे गए ओम प्रकाश चौटाला के नेतृत्व वाले इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के साथ हाथ मिलाने का सवाल ही नहीं उठता। हजकां के अध्यक्ष और हिसार से सांसद कुलदीप बिश्नोई ने संवाददाताओं को बताया, लोगों द्वारा नकारे जा चुके चौटाला के दल के साथ हाथ मिलाने का सवाल ही नहीं उठता। चौटाला अदालती मामलों का सामना कर रहे हैं और उनका राजनीति में कोई भविष्य नहीं है। मैं चौटाला के साथ जाने के बजाय राजनीति से संन्यास ले लूंगा
उन्होंने कहा कि चौटाला की सोच में अस्थिरता है और वे अपना रुख लगातार बदलते रहते हैं। कुलदीप ने कहा, अगर आप उनके पिछले बयानों को देखें तो पाएंगे कि उन्होेंने काफी पहले ही हजकां और भाजपा गठबंधन टूटने की बात कही थी। कभी वह कहते हैं कि भाजपा अच्छी है तो किसी दिन वे भाजपा पर ही हमला बोलते हैं। अब उन्हें राजनीति से सन्यास ले लेना चाहिए। पिछले साल कुलदीप बिश्नोई ने चौटाला के बेटे और इनेलो महासचिव अजय चौटाला को लोकसभा की हिसार सीट के उपचुनावों में हराया था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के साथ उनके दल का गठबंधन स्थायी है।
जब उनसे पूछा गया कि सत्ताधारी कांग्रेस और मुख्य विपक्ष इनेलो के नेता क्यों अक्सर हजकां और भाजपा के गठबंधन के टूटने का दावा करते रहते हैं तो बिश्नोई ने जवाब दिया, ऐसी अफवाहें वे


अपने दलों से हजकां-भाजपा की ओर कूच करने वाले नेताओं को रोकने के लिए फैला रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जद (एकी) अध्यक्ष शरद यादव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नवंबर में इनेलो की रेवाड़ी रैली में उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय देवीलाल को श्रद्धांजलि देने के लिए उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर हिस्सा लिया था न कि राजग के नेता के तौर पर।
बिश्नोई का दल दो दिसंबर को सिरसा में हजकां के गठन को पांच साल होने के उपलक्ष्य में एक रैली आयोजित कर रहा है। बिश्नोई ने यूपीए सरकार पर उसकी जनविरोधी नीतियों के लिए निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि बहुब्रांड खुदरा में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश से एकाधिकार की स्थिति पैदा हो जाएगी और इससे छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान होगा।
बिश्नोई ने दावा किया,  यूपीए और यहां तक कि हुड्डा सरकार भी विशेष आर्थिक क्षेत्रों के बारे में यही कहती रही है कि इससे लोगों को फायदा होगा और रोजगार पैदा होंगे लेकिन यह सिद्धांत बुरी तरह विफल रहा।
विवादों में घिरे भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी की कंपनी को धन उपलब्ध कराने में बरती गयी अनियमितता के आरोपों के बारे में बिश्नोई ने कहा, गडकरी जी खुद ही कह चुके हैं कि वे जांच के लिए तैयार हैं। मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि अगर किसी व्यक्ति ने कुछ गलत किया है तो वह जांच से भागने की कोशिश करता है न कि उसका सामना करने के लिए तैयार होता है।

 
 

आप की राय

क्या आइपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी?