|
Thursday, 08 November 2012 09:56 |
वीथिका/एजंसी, रायबरेली। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी लंबे अरसे के बाद रायबरेली के लोगों के लिए सौगातों का पिटारा लेकर बुधवार को रायबरेली पहुंची।
उन्होंने कई जगह शिलान्यास और लोकार्पण किया और अपने संसदीय क्षेत्र लोगों से रूबरू भी हुई। लंबे समय से हरी झंडी का इंतजार कर रहे लालगंज कोच फैक्टरी में तैयार सवारी डिब्बों को उन्होंने हरी झंडी दिखाई। सोनिया ने बरवारीपुर गांव में कम लागत के आवासीय भवनों का शिलान्यास किया, जिला पंचायत परिसर में पहले से स्थापित स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर नई बनी छतरी का अनावरण किया। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती बहुजन समाज पार्टी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि उनके संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में रेल कोच फैक्टरी के शिलान्यास के वक्त ‘कुछ लोगों’ ने तरह-तरह की अफवाहें फैलायी थीं लेकिन रेल मंत्रालय ने उन्हें गलत साबित करते हुए बहुत कम समय में इस कारखाने को तैयार कर दिया। सोनिया ने अरसे से रायबरेली के लोगों की मांग के तहत उतरेठिया (लखनऊ)-रायबरेली रेललाइन के दोहरीकरण और रायबरेली रेलवे स्टेशन पर बनने वाले बहुउद्देशीय कांपलेक्स का शिलान्यास किया। उन्होंने अभी तक किराए के भवन में चल रहे निफ्ट के दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के साथ उसके नए भवन की नींव का पत्थर भी रखा। सोनिया ने रेलकोच कारखाने के स्थापना में जिन किसानों की जमीन ली गई थी उनमें से बुधवार को 14 परिवारों के युवकों को नौकरी का नियुक्तिपत्र देकर नौकरी देने की प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत भी की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेलकोच कारखाने के निर्माण में अब तक लगभग 800 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य हो चुके हैं और
अगले वर्ष तक इसके निर्माण में 1600 करोड़ रुपए और खर्च किए जाने है। उन्होंने बताया कि कोच कारखाने का निर्माण पूरा होने पर इसके लिए जरूरी उपकरणों के निर्माण के लिए सहायक इकाई भी लगाई जाएंगी। जिसमें लगभग 3000 लोगों को रोजगार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि आवासीय कालोनी के बन जाने पर जन समान्य की जरूरतों की पूर्ति के लिए दुकानें भी खुलेंगी। जिनसे लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में इस कारखाने में हर साल 1000 रेलकोच बनकर तैयार होंगे। बाद में 1500 कोच और पूर्ण क्षमता से उत्पादन शुरू होने पर 3000 रेलकोच हर साल बनेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय इस्पात निगम लि से रेल मंत्रालय ने एक समझौता किया है जिसके मुताबिक पहियों के एक्सल बनाने का कारखाना भी इसी परिसर में लगेगा। गांधी ने कि इस कारखाने से हमारे देश की अर्थव्यवस्था तो ठीक होगी ही समाज में आर्थिक समृद्धि भी बढ़ेगी। भारतीय रेल से लगभग दो करोड़ लोग सफर करते हैं और 15 लाख से ज्यादा लोग इसमें कार्यरत हैं। रेलवे हमारे देश में यात्रा का सबसे सुगम साधन है। उन्होंने कहा कि रायबरेली स्टेशन पर बहुउद्देशीय कांपलेक्स के निर्माण के साथ ही स्टेशन पर एक और प्लेटफार्म और वाशिंग लाइन निर्माण भी होगा। उन्होंने कहा कि आगे मुगलसराय तक विद्युतीकरण भी किया जाएगा। जनता की मांग पर रेलमंत्री पवन बसंल ने पद्मावत एक्सप्रेस को बछरावां स्टेशन पर रुकने और लखनऊ विध्यांचल त्रिवेणी एक्सप्रेस के हरचंदपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार से ही रुकने की घोषणा की। इस मौके पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनय मित्तल, महाप्रबंधक विजय कुमार गुप्ता, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनिल हांडा, सदस्य यांत्रिक चन्दानी आदि लोग मौजूद थे।
|